stock market
Akshaya Tritiya 2026: अक्षय तृतीया पर सोना-चांदी ही नहीं धनिया-नमक सहित ये चीजों खरीदने पर प्रसन्न होती हैं माता लक्ष्मी, जानें इनके बारे में

Akshaya Tritiya 2026: अक्षय तृतीया पर सोना-चांदी ही नहीं धनिया-नमक सहित ये चीजों खरीदने पर प्रसन्न होती हैं माता लक्ष्मी, जानें इनके बारे में

Last Updated on April 18, 2026 19:03, PM by Pawan

Akshaya Tritiya 2026: अक्षय तृतीया वैशाख माह के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को मनाई जाती है। इस साल ये पर्व आज 19 अप्रैल 2026 को मनाया जाएगा। इस दिन का हिंदू धर्म में बहुत अधिक महत्व है। अक्षय तृतीया को लेकर लोगों में एक आम धारणा ये है कि इस दिन सोना-चांदी आदि बहुमूल्य चीजें खरीदने से माता लक्ष्मी अक्षय समृद्धि का आशीर्वाद देती हैं। लेकिन सोना-चांदी का जो भाव इस समय चल रहा है, उसे देखते हुए इन्हें खरीदना हर किसी के बस की बात नहीं रह गई है।

इस दिन माता लक्ष्मी और धन के देवता कुबेर की पूजा की जाती है। इसलिए आज के दिन लोग सोना-चांदी की खरीदारी करते हैं। मानते हैं कि इससे माता लक्ष्मी और कुबेर देवता के आशीर्वाद से दरिद्रता दूर रहती है और समृद्धि बढ़ती है। लेकिन इनके अलावा कुछ ऐसी चीजें भी हैं, जिन्हें आज के दिन खरीदना सोना-चांदी से भी शुभ माना जाता है। आइए जानें इनके बारे में

जौ और धनिये के बीज : अक्षय तृतीया पर जौ और धनिये के बीज खरीदने का महत्व सोने के बराबर माना गया है। इस दिन जौ या धनिये के बीज खरीदकर माता लक्ष्मी के चरणों में अर्पित करें और फिर उसे लाल कपड़े में लपेटकर तिजोरी में रखे दें। इससे आपके जीवन में धन-धान्य की कभी कमी नहीं होगी। धनिया का संबंध गुरु बृहस्पति से माना जाता है। ऐसे में धनिया खरीदने से गुरु ग्रह मजबूत होता है।

सेंधा नमक : अक्षय तृतीया पर नमक खरीदना बहुत शुभ माना जाता है। मान्यता है कि नमक घर की नकारात्मक ऊर्जा को दूर करता है और सकारात्मकता लाता है। इस दिन नमक खरीदने से घर में दरिद्रता खत्म होती है और सुख-समृद्धि का वास होता है। नमक को शुद्धता और संतुलन का प्रतीक माना जाता है। इसे इस दिन घर में लाकर कांच की कटोरी या कांच की बर्नी में रखने से घर का वास्तु दोष भी दूर होता है।

मिट्टी का घड़ा : अक्षय तृतीया पर मिट्टी का नया घड़ा खरीदना और उसमें पानी भरकर किसी जरूरतमंद को दान करना बेहद शुभ होता है। कहते हैं इससे ईश्वर की विशेष कृपा प्राप्त होती है।

श्रीयंत्र और गोमती चक्र : अगर आपके जीवन में लगातार आर्थिक दिक्कतें बनी हुई हैं तो अक्षय तृतीया पर श्रीयंत्र या गोमती चक्र जरूर खरीदें। फिर इसकी विधि विधान पूजा करके इसे घर के मंदिर में स्थापित करें। ऐसा करने से सुख-समृद्धि में वृद्धि होगी।

रूई : ज्योतिष के अनुसार रुई का संबंध शुक्र ग्रह से माना जाता है। इस दिन रूई खरीदने से माता लक्ष्मी की कृपा बरसती है और दरिद्रता दूर होती है।

हल्दी की गांठ : ज्योतिष के अनुसार अक्षय तृतीया पर हल्दी की गांठ खरीदने से गुरु ग्रह मजबूत होता है और जीवन में स्थिरता और सम्मान बढ़ता है।

पीली सरसों : अक्षय तृतीया पर पीली सरसों भी खरीदने का भी विशेष महत्व बताया गया है। मान्यता है कि पीली सरसों घर लाने से माता लक्ष्मी की कृपा होती है और घर में सुख शांति भी बनी रहती है।

पीतल के बर्तन : अक्षय तृतीया पर पीतल के बर्तन खरीदना भी बेहद शुभ माना जाता है। कहते हैं इससे सौभाग्य मजबूत होता है।

दक्षिणावर्ती शंख और कौड़ियां : शंख और कौड़ियां मां लक्ष्मी को बहुत प्रिय हैं। अगर आप बिजनेस में उन्नति चाहते हैं तो इस दिन दक्षिणावर्ती शंख और 11 कौड़ियां जरूर खरीदें और इसकी पूजा भी करें। इन्हें घर लाने से नकारात्मक ऊर्जा दूर हो जाती है।

डिस्क्लेमर: इस लेख में दी गई सामग्री जानकारी मात्र है। हम इसकी सटीकता, पूर्णता या विश्वसनीयता का दावा नहीं करते। कृपया किसी भी कार्रवाई से पहले विशेषज्ञ से संपर्क करें