ESDS Software Share Price: ओपनिंग से 12 फीसदी गिरकर संभला शेयर, लगातार 5वें दिन तेजी बरकरार; अब क्या हाल?
ESDS Software Share Price: बाजार में लगातार कमजोर रुख के बावजूद नए लिस्टेड स्टॉक ईएसडीएस सॉफ्टवेयर सॉल्यूशंस के शेयरों में आज, गुरुवार को जबरदस्त खरीदारी देखने को मिल रही है। कारोबारी सत्र में कंपनी के शेयरों में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला। बाजार खुलने के बाद अपनी शुरुआती बढ़त गंवाकर लगभग 12 फीसदी से ज्यादा फिसल गया, लेकिन निचले स्तरों पर फिर शेयर संभला।
निवेशकों की ओर से आई मजबूत लिवाली ने इसे फिर से उबार लिया और स्टॉक ने शानदार वापसी की। ये रिकवरी इतनी मजबूत रही कि शेयर अपने दिन के निचले स्तर से उबरते हुए ना सिर्फ हरे निशान में लौटा, बल्कि इसने लगातार पांचवें कारोबारी सत्र में अपनी तेजी के सिलसिले को बरकरार रखा।
पिछले कुछ ही सेशन में मल्टीबैगर रिटर्न दे चुके इस शेयर ने बाजार का पूरा ध्यान अपनी ओर खींच रखा है और कमजोर माहौल के बीच भी ये मजबूती से टिका हुआ है। ईएसडीएस सॉफ्टवेयर को अपने इश्यू प्राइस से 248 फीसदी का फायदा हुआ है। जबकि अपनी लिस्टिंग कीमत से 97 फीसदी की बढ़त हासिल कर चुका है।
ESDS Software Share Price
गुरुवार को ईएसडीएस सॉफ्टवेयर सॉल्यूशंस का शेयर बीएसई पर 1525 रुपये के लेवल पर खुला और शुरुआत में मजबूती दिखाते हुए 1560.35 रुपये के दिन के हाई यानी अपर प्राइस बैंड तक पहुंच गया।
पढ़ें: ESDS Share Price: AI के दम पर 20% अपर सर्किट पर भागा शेयर, ब्रोकरेज ने दी BUY रेटिंग, 70% अपसाइड की उम्मीद
हालांकि, ऊंचे स्तरों पर अचानक आई मुनाफावसूली की वजह से शेयर में तेज गिरावट दर्ज की गई। बिकवाली के दबाव में ये अपने शुरुआती भाव से 12 फीसदी से अधिक टूटकर 1330 रुपये के निचले स्तर तक आ गया।
निचले स्तरों से शानदार रिकवरी
दिन के निचले स्तर 1330 रुपये पर पहुंचते ही स्टॉक में घरेलू निवेशकों और ट्रेडर्स की ओर से जोरदार खरीदारी शुरू हो गई। देखते ही देखते शेयर ने नुकसान की पूरी भरपाई कर ली और दोपहर 12.53 बजे तक यह करीब 8 फीसदी की बढ़त के साथ 1532.80 रुपये के आसपास कारोबार करने लगा।
पिछले कारोबारी सत्र में 1418.50 रुपये पर बंद होने के मुकाबले स्टॉक में करीब 114 रुपये से ज्यादा का उछाल देखने को मिला। इस तेजी के साथ कंपनी का कुल मार्केट कैप भी बढ़कर लगभग 17,966 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया।
पढ़ें: ESDS Software Share: 4 दिन में 235% रिटर्न, आज भी अपर सर्किट पर लॉक; क्या अभी भी खरीदारी का मौका?
लिस्टिंग के बाद से अब तक का सफर
ईएसडीएस सॉफ्टवेयर सॉल्यूशंस की बाजार में 4 सितंबर को प्रीमियम लिस्टिंग में हुई थी। 429 रुपये के आईपीओ इश्यू प्राइस के मुकाबले कंपनी के शेयर 76 फीसदी से ज्यादा प्रीमियम के साथ 757.10 रुपये पर लिस्ट हुए थे।
पहले ही दिन स्टॉक 108 फीसदी से अधिक की बढ़त लेकर बंद हुआ था। इसके बाद 7 और 8 सितंबर को शेयर में लगातार 20-20 फीसदी के अपर सर्किट लगे, जबकि 9 सितंबर को भी यह 10 फीसदी चढ़ा। पांचवें दिन भी तेजी जारी रहने से यह शेयर अपने इश्यू प्राइस से 250 फीसदी से ज्यादा और लिस्टिंग प्राइस से करीब 100 फीसदी तक चढ़ चुका है।
(Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। ET NOW Swadesh अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।)

Leave a Reply