Global Fintech Fest 2026: यूपीआई यूजर्स के लिए बड़ा अपडेट, RBI गवर्नर ने लॉन्च किया MyUPI यानी UPI Help 2.0
Global Fintech Fest 2026: UPI से पेमेंट करना आज हमारी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन चुका है। लेकिन कभी गलत खाते में पैसे चले जाने, किसी संदिग्ध ट्रांजैक्शन का शक होने या पुराने पेमेंट को दोबारा करने जैसी स्थिति आती है, तो मदद के लिए अलग-अलग बैंक या UPI ऐप की प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है। इसी परेशानी को आसान बनाने की दिशा में MyUPI यानी UPI Help 2.0 लॉन्च किया गया है। RBI गवर्नर के मुताबिक, NPCI के Small Language Model (FiMI) पर तैयार यह AI आधारित प्लेटफॉर्म UPI यूजर्स को एक जगह पेमेंट की जानकारी देखने के साथ-साथ सुरक्षा और नियंत्रण से जुड़ी कई सुविधाएं देगा।
एक जगह दिखेंगे UPI ट्रांजैक्शन और AutoPay
MyUPI की सबसे अहम सुविधाओं में से एक यह है कि यूजर्स को अलग-अलग बैंकों और UPI ऐप से हुए UPI ट्रांजैक्शन और AutoPay Mandates की एक जगह जानकारी मिल सकेगी। यानी हर बैंक या ऐप में अलग-अलग जाकर लेन-देन तलाशने की जरूरत कम होगी।
संदिग्ध पेमेंट पर Safety Switch
अगर किसी यूजर को लगता है कि उसके UPI अकाउंट से छेड़छाड़ हुई है या कोई संदिग्ध गतिविधि हो सकती है, तो Safety Switch मददगार होगा। इसके जरिए यूजर UPI से होने वाले डेबिट ट्रांजैक्शन को अस्वीकार करने का अनुरोध कर सकेगा।
यानी किसी संदिग्ध स्थिति में यूजर के पास अपने UPI पेमेंट पर अतिरिक्त सुरक्षा नियंत्रण होगा।
मोबाइल नंबर को UPI से कर सकेंगे अलग
MyUPI में UPI Number Delink की सुविधा भी होगी। इसके जरिए यूजर अपने मोबाइल नंबर को UPI पेमेंट प्राप्त करने से अलग कर सकेगा।
पैसे भेजने से पहले Payee की ज्यादा जानकारी
कई बार UPI से पैसे भेजते समय सबसे बड़ा सवाल यही होता है कि पैसा सही व्यक्ति या खाते में जा रहा है या नहीं। Payee Context-based Information फीचर पेमेंट करने से पहले लाभार्थी यानी जिसे पैसे भेजे जा रहे हैं, उसके बारे में अतिरिक्त जानकारी उपलब्ध कराने में मदद करेगा।
इससे पेमेंट करने से पहले यूजर को सामने वाले के बारे में ज्यादा जानकारी मिल सकेगी।
पात्र मामलों में तुरंत शुरू होगा Chargeback
अगर कोई ट्रांजैक्शन Chargeback के लिए पात्र है, तो Automated Chargeback Processing के जरिए रियल टाइम में Chargeback की प्रक्रिया शुरू की जा सकेगी। इससे शिकायत के समाधान में लगने वाला समय कम करने और बैंकों की प्रक्रिया को ज्यादा कुशल बनाने में मदद मिलेगी।
पुराना UPI पेमेंट फिर से करना आसान
MyUPI में Transaction Replay फीचर भी दिया गया है। इसके जरिए यूजर पुराने लेन-देन को फिर से देख सकता है और उसे दोबारा करने की सुविधा मिलेगी। खास बात यह है कि इसके लिए किसी भी UPI ऐप का इस्तेमाल किया जा सकेगा।
सिर्फ शिकायत का सिस्टम नहीं, सुरक्षा की एक और परत
MyUPI को सिर्फ एक हेल्प या शिकायत प्लेटफॉर्म के तौर पर नहीं देखा जा रहा है। इसका मकसद UPI में Trust और Control की एक अतिरिक्त परत तैयार करना है। प्लेटफॉर्म में 24×7 कई भाषाओं में सहायता और आसान इंटरफेस के जरिए खुद सेवा लेने की सुविधा भी होगी।
इससे यूजर्स को अपने UPI लेन-देन में ज्यादा पारदर्शिता, सुरक्षा और सुविधा मिलने की उम्मीद है, जबकि बैंक और UPI ऐप यूजर्स की समस्याओं का ज्यादा तेज और बेहतर तरीके से समाधान कर सकेंगे।

Leave a Reply