Lupin Share: कंपनी के न्यू जर्सी प्लांट को USFDA से मिली 3 आपत्तियां जारी, शेयर पर रहेगी नजर
Last Updated on April 18, 2026 17:32, PM by Pawan
दवा कंपनी ल्यूपिन लिमिटेड ने शनिवार 18 अप्रैल को जानकारी दी कि यूएस फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (USFDA) ने अमेरिका के न्यू जर्सी स्थित समरसेट में उसके मैन्युफैक्चरिंग प्लांट के निरीक्षण के बाद Form 483 जारी किया है, जिसमें तीन ऑब्जर्वेशन दर्ज किए गए हैं। यह निरीक्षण 13 अप्रैल से 17 अप्रैल 2026 के बीच किया गया था। कंपनी ने कहा है कि वह इन ऑब्जर्वेशन को तय समयसीमा के भीतर एड्रेस करेगी और USFDA को जवाब देगी। साथ ही कंपनी ने सभी यूनिट्स में CGMP स्टैंडर्ड के पालन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।
इसके अलावा हाल ही में ल्यूपिन ने अमेरिका में 5mg और 10mg स्ट्रेंथ में dapagliflozin टैबलेट लॉन्च करने की घोषणा की थी, जिसे USFDA से ANDA की मंजूरी मिलने के बाद पेश किया गया। वहीं कंपनी ने यह भी बताया कि उसकी पूर्ण स्वामित्व वाली सब्सिडियरी Nanomi BV (नीदरलैंड्स) फिलीपींस स्थित अपनी इकाई Multicare Pharmaceuticals Philippines Inc (MPPI) में अल्पसंख्यक हिस्सेदारी (minority shareholding) खरीदने जा रही है। इसके तहत Nanomi लगभग 1.1 करोड़ शेयर, यानी 43.38 फीसदी हिस्सेदारी अधिग्रहित करेगी।
dapagliflozin को मंजूरी
हालही में कंपनी को USFDA से डापाग्लिफ्लोजिन और मेटफॉर्मिन हाइड्रोक्लोराइड एक्सटेंडेड-रिलीज टैबलेट्स के लिए मंजूरी मिली थी। यह मंजूरी 5 mg/500 mg, 5 mg/1000 mg, 10 mg/500 mg और 10 mg/1000 mg की डोज के लिए दी गई है, जबकि 2.5 mg/1000 mg डोज के लिए कंपनी को अस्थायी (टेंटेटिव) मंजूरी प्राप्त हुई है। कंपनी ने बताया कि USFDA ने इन दवाओं को Xigduo XR के बायोइक्विवेलेंट माना है और इन्हें उसी के अनुरूप उपयोग के लिए मंजूरी दी गई है। यह मंजूरी ल्यूपिन के अमेरिकी बाजार में अपने पोर्टफोलियो को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
शेयर का प्रदर्शन
कंपनी का शेयर शुक्रवार को 0.19 फीसदी गिरावट के साथ 2,322.50 रुपये पर बंद हुआ। पिछले एक साल में कंपनी के शेयर में 15.59 फीसदी की तेजी देखने को मिली है। पिछले एक महीने में कंपनी के शेयर में 19.48 फीसदी की तेजी देखने को मिली है।
(Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। स्टॉक market news अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।)
