Repo Rate के ऐलान से पहले रौनक, Sensex में 350 अंकों का उछाल, चार वजहों से Nifty भी 23500 के पार
Sensex-Nifty green: अधिकतर एशियाई बाजारों में बिकवाली की आंधी के बावजूद आज जब घरेलू स्टॉक मार्केट खुला तो अच्छी रौनक दिखी। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 350 प्वाइंट्स से अधिक उछल पड़ा तो निफ्टी भी 23500 के पार पहुंच गया। ब्रोडर लेवल पर भी खरीदारी का माहौल है और निफ्टी मिडकैप 100 और निफ्टी स्मॉलकैप 100 में करीब आधे फीसदी की तेजी है। केंद्रीय बैंक RBI के रेपो रेट के ऐलान से पहले मार्केट में खरीदारी दिख रही है लेकिन निवेशक थोड़े सतर्क दिख रहे हैं क्योंकि अधिकतर सेक्टर के निफ्टी इंडेक्स में 1% से कम ही हलचल है।
घरेलू इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्सेज की बात करें तो फिलहाल 09:45 AM पर सेंसेक्स (Sensex) 229.70 प्वाइंट्स यानी 0.31% की बढ़त के साथ 74,589.71 और निफ्टी 50 (Nifty 50) भी 58.60 प्वाइंट्स यानी 0.25% के उछाल के साथ 23,475.15 पर है। इंट्रा-डे में शुरुआती कारोबार में ही आज सेंसेक्स 357.56 प्वाइंट्स उछलकर 74,717.57 और निफ्टी 99.8 प्वाइंट्स चढ़कर 23,516.35 तक पहुंच गया था।
Why Market Rally: ये है वजह
RBI MPC
आज केंद्रीय बैंक आरबीआई के मौद्रिक नीतियों के कमेटी (MPC) की बैठक में क्या फैसला हुआ, इसका ऐलान होना है। रेपो रेट (Repo Rate) के साथ-साथ आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा इकॉनमी की सेहत को लेकर क्या कहते हैं, बाजार की इस पर भी नजर रहेगी। वैसे पब्लिक सेक्टर में देश के सबसे बड़े बैंक एसबीआई के चेयरमैन सीएस शेट्टी ने कहा कि ब्याज दरों में किसी बदलाव की संभावना नहीं है। उनकी राय बाजार के कई एक्सपर्ट्स से मेल खाती है।
India VIX में नरमी
मार्केट की घबराहट को मापने वाला इंडिया विक्स नीचे आया तो मार्केट को सपोर्ट मिला। फिलहाल यह 1.57% की गिरावट के साथ 15.64 पर है। इसके अधिक होने का मतलब मार्केट में वोलैटिलिटी का बढ़ना और नीचे आने का मतलब होता है इसका कम होना।
ऑटो और आईटी शेयरों ने संभाला मोर्चा
निफ्टी मेटल में फिलहाल आधे फीसदी से अधिक की गिरावट है लेकिन दूसरी तरफ ऑटो और आईटी शेयरों ने मोर्चा संभाला हुआ जिनके निफ्टी इंडेक्स करीब आधे फीसदी चढ़ चुके हैं। निफ्टी रियल्टी तो करीब 1% उछल पड़ा तो फार्मा सेक्टर का निफ्टी इंडेक्स भी आधे फीसदी से अधिक उछला है। बैंकिंग शेयरों में फिलहाल सुस्ती है।
रुपये की मजबूती
एक अमेरिकी डॉलर की तुलना में आज रुपया 8 पैसे मजबूत होकर ₹95.71 के भाव पर खुला तो मार्केट को सपोर्ट मिला।
स्टॉक मार्केट में आज की लाइव हलचल के लिए यहां जुड़ें
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।
Leave a Reply